आज हम बात करेंगे की हमारे नकारात्मक विचारों को कैसे दूर करें। हमारा चेतन मन जिन बातों में विश्वास रखता है, वे हमारे अवचेतन मन या सबकॉन्शियस माइंड में जाकर बैठ जाती हैं और इसी से हमारी सोच बनती है। हमारी सोच ही हमारा जीवन बनाती है।
दिमागी शक्ति को कैसे बढ़ाएं? सफल होने के लिए जरूरी है सकारात्मक सोच यानी पॉज़िटिव थिंकिंग। आपके सोच-विचार जीतने ऊंचे होंगे, आपके संकल्प जीतने दृढ़ होंगे, आपको उपलब्धियां भी उतनी अधिक मिलेंगी। मनुष्य का दिमाग बहुत शक्तिशाली है। यह अपार शक्तियों से भरा हुआ है। नेपोलियन का यह कथन आज भी पूर्ण रूप से सत्य सिद्ध होता है कि मानव मन में जो भी सोचता है और यदि उस पर विश्वास करता है तो जीवन में वह उसे प्राप्त कर सकता है। अतः, आपकी सोच जितनी ऊंची होगी, आपके लक्ष्य जीतने महान होंगे, उतना ही आप जीवन में प्राप्त कर लेंगे। छोटी विचारधारा से उपलब्धियां भी छोटी मीलती है।
असफल व्यक्तियों के संकल्प और सपने बहुत छोटे होते हैं तथा सफल व्यक्ति बड़े सपने देखते हैं और दृढ़ निश्चय करते हैं। यदि सपने ऊंचे हों और उपलब्धियां बड़ी हासिल करनी हों, तो प्रयास भी अधिक बड़े और ऊंचे करने होते हैं। निम्नलिखित, एक कहानी है, जो हमेशा याद रखने योग्य है:-
जॉर्ज देर रात्रि तक पढ़ता रहा। अगले दिन देर तक सोते रह जाने के कारण, क्लास में देर से पहुँचा तो देखा कि ब्लैकबोर्ड पर टीचर ने दो सवाल लिखे थे।
जॉर्ज ने उन्हें कॉपी में उतार लिया और कई घंटों की मेहनत के बाद उसने उन सवालों को हल कर दिया। बाद में पता चला कि टीचर ने उन प्रश्नों के बारे में बताया था कि आइंस्टाइन भी इन सवालों को हल नहीं कर पाए थे। सवालों को हल करने से पहले उसने यह बात सुनी नहीं थी। यदि, उसने यह बात सुन ली होती तो इन सवालों को हल नहीं कर पाता क्योंकि उसकी सोच का दायरा सिमित हो जाता। असीमित सोच के साथ उत्साह और लगन के सहारे वह इन सवालों को हल करने में सफल हो गया।
हम सभी के अंदर मज़बूत अपार आंतरिक शक्ति विद्यमान है। हमें उन शक्तियों को जागृत करना है। आपके सामने कोई शेर आ जाए तो आप इतना तेज़ दौड़ेंगे कि शायद ओलंपिक के धावक आपसे पीछे रह जाएं। ऐसे ही बड़ी चुनौतियां अंदर छिपी शक्ति को जगा देती हैं।
मन के हारे, हार है और मन के जीते, जीत। अच्छे विचारों को आपके दिमाग में ज़्यादा समय मिलेगा तो कुछ ही दिन में आपके जीवन में एक सकारात्मक बदलाव आ जाएगा। विचारों की शक्ति महान है। इससे न केवल हमारा जीवन बदलता है यहाँ तक की संसार का नक्शा बदल जाता है।

Akkalagari Vinitha
Hindi Teacher – CBSE, Secondary
मेरा नाम विनीता है| मैं हिंदी की अध्यापिका हूँ| वैसे तो मुझे 17 साल का अनुभव है शिक्षण क्षेत्र में पर CHIREC में यह मेरा तीसरा वर्ष है| इन तीन सालों में मैंने बहुत कुछ सिखा| मेरे अनुसार प्रतिदिन नया दिन और प्रत्येक दिन एक नया अनुभव है| अंग्रेजी में कहावत है ना ‘every human being is always a learner’| मुझे मेरे अध्यापिका होने पर बहुत गर्व महसूस होता है|